दिन दहाड़े रांझी में गोली मारकर युवक की हत्या


जबलपुर। रांझी थानांतर्गत शिव शक्ति चौराहे पर गुरुवार की सुबह 8 बजे एक सिविल कांट्रेक्टर पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाशों ने उस वक्त दनादन गोलियां चला दी, जब वे अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे| इस वारदात के बाद सिविल कांट्रेक्टर क्लेरिंस उर्फ राजा गंभीर रुप से घायल हो होकर वही गिर पड़ा| उसके तत्काल बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया| दिनदहाड़े हत्या की इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में सनसनी व दहशत का माहौल व्याप्त हो गया| घटना के पीछे जमीन का विवाद होना बताया जा रहा है| पुलिस का कहना है कि आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग गए है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा| घटना का वीडियो फुटेज भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि ओएफके और नगर निगम में सिविल वर्क के ठेके लेने वाला 32 वषीय क्लेरिंस उर्फ राजा सुबह लगभग 8 बजे अपने बच्चो को स्कूल छोडने के बाद बाइक से रांझी स्थित अपने निवास जा रहा था। तभी रास्ते में रांझी शिव शक्ति चौराहे के पास नकाबपोश दो बदमाशों ने उसके सर पर गोली दाग दी, गोली लगते ही राजा लहुलुहान होकर गिर पड़ा| घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी रांझी सतीश साहू, थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी, एसएफएल टीम मौके पर पहुंची| गोली लगने से लहुलुहान राजा को 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां डॉक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर पुलिस ने लगे कैमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले| प्रारंभिक जांच पड़ताल में पुलिस को पता चला है कि मृतक का कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा था, वहीं सिविल वर्क ठेके को लेकर प्रतिस्पर्धा का विवाद सामने आया है| सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों के शिनाख्त में जुटी हुई है| पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जायेगा। पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है| फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है|