भोपाल :- भोपाल की प्रसिद्ध मनुआभान टेकरी पर विभिन्न युवा एवं सामाजिक संगठनों द्वारा स्वच्छता एवं कचरा संग्रहण अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान धरती से लगभग 150 फीट की ऊँचाई पर पहाड़ियों के बीच से 172 किलो प्लास्टिक, पेपर, कांच की बोतलें, चप्पल सहित अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया गया।
यह अभियान सिर्फ 2 घंटे चला, लेकिन इसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पहाड़ियों की दरारों और कठिन स्थानों से विभिन्न उपकरणों की मदद से प्लास्टिक कचरे को बाहर निकाला। वहीं स्थल पर ही कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में छांटकर (सेग्रिगेशन) किया गया और बाद में उसे सार्थक संस्था द्वारा भोपाल नगर निगम के सहयोग से संचालित एमआरएफ (Material Recovery Facility) पर वैज्ञानिक निष्पादन के लिए भेजा गया।
यह पहला अवसर है जब इस प्रकार एकत्रित पूरे कचरे का उसी दिन वैज्ञानिक निष्पादन सुनिश्चित किया गया।
इस कार्यक्रम में जैन समाज के प्रतिनिधियों तथा भोपाल की आठ शैक्षणिक एवं युवा संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरणविद् इम्तियाज अली ने युवाओं को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता में उनकी भूमिका के बारे में मार्गदर्शन दिया तथा सभी को अपने शहर और देश को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में भाग लेने वाले स्वयंसेवकों और संस्थाओं को उनके योगदान के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से युवाओं ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से ही शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है। डा राजीव जैन ने इम्तियाज अली की इस पहल को सराहा और उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी ।