जबलपुर,। न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पर सवाल उठने लगे| अभी हाल ही में एक याचिकाकर्ता भ्रूण लेकर प्रवेश कर गया था, जिससे हाईकोर्ट में हड़कंप मच गया था| इस घटना के बाद सोमवार को जिला कोर्ट में बम के धमाके ने सनसनी फैला दी| घटना की जानकारी मिलते ही ओमती पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की| बताया गया है कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गेट नंबर 2 के पास सोमवार की दोपहर अचानक एक धमाका हुआ, मौके पर सुअरमार बम फटने के संकेत मिले| मामले की गंभीरता को देखते हुए रजिस्ट्रार ने सीसीटीवी फुटेज की जांच के निर्देश दिए हैं।
धमाके की आवाज सुनते ही परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और पक्षकारों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फटने वाली वस्तु बम जैसी लग रही थी। हालांकि कुछ ही देर में हालात काबू में कर लिए गए।
एहतियात के तौर पर कोर्ट कक्ष खाली करा लिया गया और आसपास का इलाका सुरक्षित किया गया। घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि धमाका संवेदनशील क्षेत्र में हुआ।
ओमती पुलिस घटना की जांच कर रही है|