जबलपुर, । विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आज भंवरताल गार्डन, जबलपुर में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनजागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक एवं तंबाकू निषेध शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को तंबाकू एवं निकोटिन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान भंवरताल गार्डन परिसर में जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें प्रतिभागियों ने तंबाकू सेवन के विरुद्ध नारे लगाते हुए आमजन को जागरूक किया। इसके पश्चात नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तंबाकू सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। उपस्थित नागरिकों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं मार्गदर्शन में डॉ. नवीन कोठारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जबलपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर डॉ. राजेश धीरावानी (वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ), डॉ. के. के. वर्मा, डॉ. संजय छतनी, डॉ. आशीष राव, डॉ. अंशुल गुलाटी एवं डॉ. अंकिता सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. प्रशांत दुबे, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, जबलपुर का विशेष योगदान रहा। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण संबंधी गतिविधियों के समन्वय एवं आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर शासकीय रानी दुर्गावती नर्सिंग महाविद्यालय एवं हितकारिणी डेंटल कॉलेज, जबलपुर के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने रैली एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को तंबाकू से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू एवं अन्य निकोटिन उत्पादों का सेवन न करने तथा समाज में इसके दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि जनसहभागिता एवं सतत जागरूकता के माध्यम से ही तंबाकू मुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।