जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। नो एंट्री लागू होने के बावजूद भारी वाहनों का शहर में खुलेआम प्रवेश जारी है, जिससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समयसी को लेकर युवा कांग्रेस ने शहर अध्यक्ष सतेन्द्र (सोनू) कुकरेले और पूर्व प्रदेश सचिव राजा रैकवार के नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजना तिवारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।शहर अध्यक्ष सतेन्द्र (सोनू) कुकरेले और पूर्व प्रदेश सचिव राजा रैकवार ने बताया कि शहर के कछपुरा, माल गोदाम, दीनदयाल चौक, बरेला मार्ग सहित सीमावर्ती इलाकों से रोजाना भारी वाहन बेधड़क शहर में दाखिल हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है। सीमावर्ती इलाकों में तैनात कुछ पुलिसकर्मी कार्रवाई करने के बजाय केवल वसूली में लगे हुए हैं।
हाल ही में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक पुलिसकर्मी पर अपने सहयोगी के माध्यम से वसूली कराने के आरोप लगे थे। बड़ा फुहारा, गुरंदी बाजार सहित अन्य इलाकों में दिनदहाड़े भारी वाहनों से सामान उतारते देखा जा सकता है। इन वाहनों के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं और यातायात बाधित होता है, जिससे जाम की समस्या और भी विकराल रूप ले लेती है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस अव्यवस्था के चलते आए दिन सड़क हादसे भी सामने आ रहे हैं। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभागों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि नो एंट्री क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए, सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, कपिल भोजक, अभ्युत बाजपेयी, नितिन सिंह, सौरभ यादव, समीर गढ़वाल, शिशांत सिंह ठाकुर, चिंटू ठाकुर, गोल्डी ठाकुर, प्रहलाद गोस्वामी, रोहित रैकवार, शादाब मंसूरी, अभिषेक तिवारी, अक्षय विनोदिया, मोहित वंशकार, आदेश चौबे, राजेश गुप्ता, नयन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।