पाकिस्तानी नहीं, यूपी का हरदोई निवासी निकला संदिग्ध शिवम पाठक


जबलपुर। रांझी थाना अतंर्गत मंगलवार की रात व्हीकल फैक्ट्री के पास संदिग्ध हालत में मिले एक युवक को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब सोशल मीडिया पर उसके पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी होने का दावा तेजी से वायरल होने लगा। स्थानीय लोगों ने युवक को संदिग्ध अवस्था में देखकर उसे पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद युवक को रांझी पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सोशल मीडिया पर वायरल खबर अफवाह थी पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि युवक दिमागी रुप से विक्षिप्त है और पहले भी वह घर से भाग चुका है| दरअसल वह यूपी के हरदोई का रहने वाला है| मामले की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर युवक को लेकर तरह-तरह की बातें प्रसारित होने लगीं।

पुलिस जांच में नया खुलासा……..


रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि जांच के बाद युवक की पहचान शिवम पाठक, निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक युवक मानसिक रूप से कमजोर है और पूछताछ के दौरान अपनी पहचान को लेकर अलग-अलग जानकारी दे रहा था। इसी वजह से शुरुआत में उसकी पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति बनी। पुलिस ने युवक के परिवार से भी संपर्क किया। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार युवक पहले भी कई बार घर से बिना बताए घर से भाग चुका है। पुलिस की जांच में उसके पाकिस्तान से संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली हर जानकारी को सही मानना उचित नहीं है। ऐसे मामलों में अफवाह फैलने से कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। पुलिस द्वारा युवक की पहचान और पूरे मामले को लेकर आवश्यक जांच की जा रही है।

युवक के कथित तौर पर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने संबंधी दावे की भी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। रांझी टीआई उमेश गोल्हानी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील मामले में बिना तथ्य और पुलिस की पुष्टि के सोशल मीडिया पर जानकारी साझा न करें।