जबलपुर। त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत चल रही चेकिंग के दौरान जीआरपी ने एक महिला को 5.342 किलोग्राम गांजे के साथ पकड़ा है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 33 हजार 550 रुपये बताई गई है। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जीआरपी के अनुसार 7 अक्टूबर की सुबह रेलवे स्टेशन जबलपुर के प्लेटफॉर्म क्रमांक 2-3 के इटारसी एंड पर पुलिस स्टाफ प्लेटफॉर्म चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान एक महिला संदिग्ध अवस्था में नजर आई। उसके हाव-भाव और गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।
महिला ने अपना नाम 35 वर्षीय बैदेही बाई पति सुजीत शिल्पी, निवासी ग्राम चैनपुर, थाना बाड़ी, जिला रायसेन, हाल निवासी गौड़ढाबा दुलमपुर, थाना आताबेरा, जिला बरगढ़, ओडिशा बताया। उसके पास मौजूद कपड़े के थैले की तलाशी लेने पर सफेद कपड़े में लिपटे पांच पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में महिला से गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति और मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जीआरपी जबलपुर ने महिला के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है!