चलती ट्रेन से गिरा युवक, जबलपुर स्टेशन पर रेलवे की तत्परता से बची जान

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ट्रेन से गिरकर घायल हुए यात्री को समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई। घायल युवक को जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया।जानकारी के अनुसार 22351 सहरसा जंक्शन–बेंगलुरु एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा 18 वर्षीय आकाश देवरी-अधारताल रेलखंड के बीच ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही घायल को ट्रेन संख्या 11272 के गार्ड ब्रेक वैन के माध्यम से जबलपुर स्टेशन लाया गया।

प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ड्यूटी पर तैनात उप स्टेशन प्रबंधक आशीष चड्ढा और अनन्या क्लीनिक के चिकित्सा कर्मी अतुल ने घायल को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद रेलवे चिकित्सालय के डॉ. संजय ने स्वास्थ्य परीक्षण कर बेहतर उपचार के लिए भर्ती करने की सलाह दी, जिसके बाद रेलवे एंबुलेंस से उसे शासकीय अस्पताल भेजा गया।घटना के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान भी मौके पर मौजूद रहे और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। घायल युवक अपने दो-तीन साथियों के साथ सहरसा से बेंगलुरु की यात्रा कर रहा था।रेलवे प्रशासन की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से समय पर उपचार मिलने पर घायल के साथियों ने जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।