जबलपुर। कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली जबलपुर पुलिस ने सेवा संकल्प अभियान के तहत मानवता की सेवा में भी अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में 17 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जबलपुर पुलिस, विक्टोरिया अस्पताल और रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
शिविर में 70 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने रक्तदान कर 70 यूनिट रक्त संग्रहित कराया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने स्वयं रक्तदान कर पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह ने भी रक्तदान किया।
रक्तदान करने वालों में नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष शुक्ला, रक्षित निरीक्षक अमित शिववंशी, राहुल सिंह, थाना प्रभारी यातायात गढ़ा मनीष प्यासी और चौकी प्रभारी उखरी उप निरीक्षक सरिता पटेल सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।