जबलपुर। कटनी से रक्षाबंधन पर जबलपुर आई एक महिला के बैग से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला ने हनुमानताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार अमीरगंज मोहल्ला माधवनगर, कटनी निवासी 34 वर्षीय हेमलता सतनामी वर्तमान में बाबाटोला, छरछरा के आगे काली मंदिर के पास रहती हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि 26 अगस्त को वह रक्षाबंधन पर अपने बच्चों और पिता के साथ कटनी से जबलपुर आई थीं। परिवार के पास दो बड़े और एक छोटा बैग था। जबलपुर स्टेशन पहुंचने के बाद करीब दोपहर 3:30 बजे उन्होंने सिंधी कैंप-बाबाटोला जाने के लिए एक नीले रंग का ऑटो लिया। महिला के मुताबिक ऑटो में पहले से टोपी लगाए सफेद कपड़े पहने एक युवक बैठा था। ऑटो चालक ने ईद के कारण घमापुर का रास्ता बंद होने की बात कहते हुए शीतलामाई, प्रेमसागर चौकी और चौक होते हुए सिंधी कैंप तक पहुंचाया। करीब 4:15 बजे वहां उतरने के बाद महिला को अपना जेवर वाला बैग हल्का लगा, लेकिन बच्चों और सामान की आपाधापी में उन्होंने रास्ते में बैग की जांच नहीं की।
दो दिन बाद पर्स खोला तो जेवर गायब मिले……..
महिला ने बताया कि घर में मां की तबीयत खराब होने और उनके ऑपरेशन के कारण वह तत्काल सामान चेक नहीं कर सकीं। 28 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे तैयार होने के लिए पर्स खोला तो उसमें रखे जेवर गायब मिले| गायब जेवरों में सोने का हार, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमके, एक अंगूठी, एक हीरे की अंगूठी, सोने के टॉप्स की एक जोड़ी, चांदी की अंगूठी और एक जोड़ी पायल शामिल हैं।
महिला ने आशंका जताई कि जब वह ऑटो में सफर कर रही थीं, उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग से जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर ऑटो चालक और उसमें सवार संदिग्ध युवक की जानकारी जुटाने के साथ आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।