जबलपुर। शहर में अवैध लिंग परीक्षण की आशंका पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार शाम बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो सोनोग्राफी सेंटरों को सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में रिकॉर्ड में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। जांच पूरी होने के बाद सेंटर संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ओमती थाना क्षेत्र स्थित अंजुमन स्कूल के सामने संचालित डॉ. राजेंद्र अग्रवाल के सोनोग्राफी सेंटर पर छापा मारा। इसी दौरान अधारताल क्षेत्र में संचालित उनके दूसरे सेंटर पर भी एक साथ कार्रवाई की गई।
छापेमारी के समय दोनों केंद्रों पर कई गर्भवती महिलाएं मौजूद थीं। जांच दल ने रजिस्टर, मरीजों का रिकॉर्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कई प्रविष्टियां संदिग्ध मिली हैं। अधिकारियों के अनुसार कुछ मामलों में महिलाओं की उम्र, नाम और पते दर्ज रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते, जिससे अनियमितताओं की आशंका और गहरा गई है।
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि जब्त दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। रजिस्टर में दर्ज महिलाओं के नाम, पते और मोबाइल नंबरों के आधार पर उनसे भी पूछताछ की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं प्रतिबंधित लिंग परीक्षण या अन्य अवैध गतिविधियां तो नहीं संचालित की जा रही थीं।फिलहाल दोनों सोनोग्राफी सेंटरों को सील कर दिया गया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर संबंधित संचालक और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर में संचालित अन्य संदिग्ध सोनोग्राफी केंद्रों की भी जांच तेज किए जाने के संकेत दिए गए हैं।