श्री राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन, 21 से 24 अप्रैल तक विविध धार्मिक कार्यक्रम*

जबलपुर। छोटा फुहारा स्थित सार्वजनिक शिव मंदिर, सूजी मोहल्ला में “श्री राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव” का चार दिवसीय भव्य आयोजन 21 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन के प्रथम दिवस 21 अप्रैल को दोपहर 3 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर बड़ा फुहारा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर भक्ति का वातावरण निर्मित करेंगे।

आयोजन के दूसरे दिन 22 अप्रैल को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्री राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। 23 अप्रैल को सायं 7 बजे महा आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता अपेक्षित है। समापन दिवस 24 अप्रैल को प्रसाद वितरण एवं समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।आयोजन समिति के अध्यक्ष  प्रवीण साहू ने  क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।