जबलपुर। एक बार फिर पश्चिमी विक्षोप सक्रिय हो गया है| धूप के बीच में छांव का खेल चलता रहा| आसमान में बादल छाए रहे| बादलों के छाने से उमस बढ़ गई थी और तापमान में गिरावट आई है| मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान कही कही गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है| कुछ जिलों में हल्की वर्षा भी हो सकती हैं| सोमवार को सुबह तेज धूप खिली और बीच बीच में बादल आते रहे| दोपहर बाद आसमान पर बादल छाये रहे, इससे तापमान की उछाल में ब्रेक लगा, लेकिन उमस बेलगाम हो गई। रात में उमस भरे माहौल ने बेचैन कर रखा था।
पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 38.05 डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया, न्यूनतम तापमान 26.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 31 प्रतिशत और सायंकाल 28 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 05.44 बजे और सूर्यास्त शाम 06.33 बजे हुआ। प्रदेश में सबसे अधिक 44.3 डिग्री तापमान नयागांव (छत्तरपुर) जिले में और सबसे कम 19.4 डिग्री तापमान मंदसौर में दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 40.04 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पश्चिमी हवायें 5 से 6 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के जिले में बूंदाबांदी की संभावना है|