जबलपुर। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव का पर्व गणेशोत्सव इन दिनों पूरे शहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। ऋद्धि-सिद्धि के दाता और विघ्नहर्ता भगवान गणेश की आराधना में शहरवासी डूबे हुए हैं। घरों से लेकर सार्वजनिक पंडालों तक गणपति बप्पा की भक्ति का रंग नजर आने लगा है। सुबह-शाम पूजा-अर्चना के दौरान ‘जय गणेश, जय गणेश देवा, माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो रहा है।बारह दिवसीय गणेशोत्सव को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। घरों में विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर श्रद्धालु सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। वहीं विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा सार्वजनिक पंडालों में आकर्षक और कलात्मक प्रतिमाओं की स्थापना का सिलसिला भी जारी है। कई स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित हो चुकी हैं, जबकि कुछ पंडालों में साज-सज्जा और विद्युत सजावट को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुंबई की तर्ज पर बढ़ी गणेशोत्सव की भव्यता
पिछले कुछ वर्षों में जबलपुर में गणेशोत्सव का स्वरूप लगातार भव्य होता गया है। मुंबई की तर्ज पर शहर में बड़े-बड़े पंडाल, आकर्षक प्रतिमाएं और विद्युत साज-सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन रही हैं। गणेश प्रतिमाओं की स्थापना से लेकर विसर्जन शोभायात्रा तक समितियों द्वारा विशेष तैयारियां की जाती हैं। गणेशोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहने लगी है।
गढ़ाफाटक में स्थापित हुए ‘जबलपुर के राजा’
नगर के पुराने पोस्ट ऑफिस गढ़ाफाटक के पास इस बार गणेशोत्सव का विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। यहां श्री साईं गणेशोत्सव समिति द्वारा मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग के राजा की तर्ज पर करीब 14 फुट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। समिति ने इस प्रतिमा को ‘जबलपुर के राजा’ का स्वरूप दिया है। विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।इसी क्षेत्र में कुछ कदम की दूरी पर श्री नर्मदा गणेशोत्सव समिति द्वारा महाकाली की तर्ज पर करीब 13 फुट ऊंची काले रंग की भव्य गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है। पंडाल के साथ आसपास के मार्ग पर की गई आकर्षक विद्युत सजावट रात के समय विशेष आकर्षण पैदा कर रही । प्रतिमा की कलात्मक सजावट श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है। दर्शन के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
सदर से लेकर ग्वारीघाट तक उत्सव की रौनक
उपनगरीय क्षेत्र सदर में भी गणेशोत्सव को लेकर विशेष उत्साह नजर आ रहा है। गणेश चौक, सेठ चौक, गली नंबर-7 और महाकाली मंदिर के सामने आकर्षक पंडाल सजाकर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इन स्थानों पर रंग-बिरंगी विद्युत सजावट और पंडालों की आकर्षक साज-सज्जा श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।इसी तरह गोरखपुर, पोलीपाथर, ग्वारीघाट, अधारताल, रांझी, मस्ताना चौक, बड़ा पत्थर और गोकलपुर सहित शहर के विभिन्न इलाकों में जगह-जगह भगवान लंबोदर की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। कई स्थानों पर पंडालों को विशेष थीम के आधार पर सजाया गया है।गणेशोत्सव के आगामी दिनों में शहर के अन्य स्थानों पर भी प्रतिमाओं की स्थापना और पंडालों की साज-सज्जा का काम पूरा होने की उम्मीद है। इसके साथ ही भजन, आरती और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला भी तेज होगा। गणपति बप्पा की भक्ति और जयकारों से आने वाले दिनों में शहर का माहौल और अधिक भक्तिमय होने की उम्मीद है।