जबलपुर। ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन (एआईडीीईएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड एस.एन. पाठक ने जोहान्सबर्ग (दक्षिण अफ्रीका) में आयोजित अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के सम्मेलन में भारत के रक्षा कर्मचारियों एवं श्रमिक वर्ग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।अपने संबोधन में श्री पाठक ने श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों, सामाजिक सुरक्षा तथा श्रमिक संगठनों को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में श्रमिकों की एकजुटता और उनके अधिकारों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी देशों से श्रमिक हितों की रक्षा के लिए साझा प्रयास करने का आह्वान भी किया।
उन्होंने भारतीय रक्षा प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों से जुड़े विषयों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता से रखते हुए उनके हितों और अधिकारों की प्रभावी पैरवी की। इससे भारतीय रक्षा कर्मचारियों की आवाज़ वैश्विक स्तर पर मजबूती से पहुँची है।ऑल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन ने इसे संगठन तथा देश के रक्षा कर्मचारियों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। संगठन का कहना है कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय श्रमिक आंदोलन की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता को नई पहचान मिली है।यह जानकारी मीडिया प्रभारी उत्तम विश्वास द्वारा प्रदान की गई।