सड़कें गड्ढों में तब्दील, डस्टबिन भी बदहाल

जबलपुर। स्मार्ट सिटी के दावों के बीच शहर की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कई प्रमुख मार्गों पर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, वहीं नगर निगम द्वारा लगाए गए डस्टबिन भी क्षतिग्रस्त होने से सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले रसल चौक के आगे नगर निगम के जल विभाग ने पाइपलाइन संबंधी कार्य के लिए सड़क खोदी थी, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क का पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) नहीं किया गया। परिणामस्वरूप यह गड्ढा अब दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस गड्ढे में स्कूटी सवारों के गिरने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।दूसरी ओर, स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान शहर में लगाए गए कई डस्टबिन रखरखाव के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा कई स्थानों पर गंदगी फैलने लगी है।

बारिश के मौसम में सड़क के गड्ढे और अधिक खतरनाक हो गए हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं की गई तो दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या सड़कों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था केवल विशेष अवसरों या वीआईपी दौरों तक ही सीमित रहेगी?शहरवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाया जाए, क्षतिग्रस्त डस्टबिन बदले जाएं तथा सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि जबलपुर वास्तव में स्वच्छ और स्मार्ट शहर की पहचान बना सके।