शेल्बी हॉस्पिटल के कमरा नंबर 315 में लगी आग, मरीजों में मची अफरा-तफरी

जबलपुर। शहर के विजयनगर स्थित शेल्बी हॉस्पिटल में देर रात कमरा नंबर 315 में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कमरे से काला धुआं और आग की लपटें उठती देख अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने दमकल विभाग को सूचित किया।सूचना पर दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। एहतियात के तौर पर मरीजों और अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या झुलसने की सूचना नहीं है।प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग और तकनीकी टीम घटना की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।