कृषि नीति को किसान हितैषी बनाने सरकार पर दबाव बनाएंगे किसान


*जबलपुर। देश में कृषि नीति को किसान हितैषी बनाने और किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए अब नीति निर्धारकों को समझाने तथा सरकार पर दबाव बनाने की आवश्यकता है। किसान ऐसा समय देखना चाहते हैं, जब गर्व से कह सकें कि उनका बेटा भी किसान है। यह बात भारत कृषक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय वीर जाखड़ ने राजस्थान के जोधपुर में आयोजित अखिल भारतीय कृषक परिषद की 70वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।बैठक में शामिल होकर लौटे भारत कृषक समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंजीनियर केके अग्रवाल, जबलपुर ने बताया कि 8 एवं 9 अक्टूबर को आयोजित बैठक में देशभर से आए कृषक प्रतिनिधियों ने किसानों की समस्याओं, वर्तमान कृषि नीति और उसमें आवश्यक सुधारों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। बैठक में केंद्र सरकार को सौंपने और उसके प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करने के लिए किसानों की समस्याओं एवं मांगों का एक प्रारूप तैयार किया गया।

**किसानों की आवाज बुलंद करने का आह्वान**

अजय वीर जाखड़ ने कहा कि वर्तमान कृषि नीति के कारण किसानों की स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में देशभर के किसानों को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि आज समाज में लोग गर्व से यह कहते हैं कि वे किसान के बेटे हैं, लेकिन वह समय आना चाहिए, जब किसान भी गर्व से कहे कि उसका बेटा किसान है।उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब किसानों को समझाने के बजाय नीति निर्धारकों को किसानों की वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराने और कृषि नीति में सुधार के लिए उन पर दबाव बनाने की जरूरत है। अग्रवाल के अनुसार, आगामी 13 नवंबर को दिल्ली में सरकार के प्रतिनिधियों और नीति निर्धारकों के साथ बैठक प्रस्तावित है, जिसमें किसानों का पक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
*मध्य प्रदेश के किसानों के सुझाव भी शामिल

बैठक में मध्य प्रदेश से पहुंचे कृषक प्रतिनिधियों ने प्रदेश के किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। कृषि नीति में सुधार के प्रस्तावों का मसौदा तैयार कर परिषद के अध्यक्ष को सौंपा गया। इंजीनियर केके अग्रवाल, नरेंद्र सिंह यादव, रूपेंद्र पटेल, रमेश पटेल, अविनाश ठाकुर और जितेंद्र देसी ने किसानों की ओर से अपने सुझाव रखे तथा जिले के किसानों का मांग पत्र भी अध्यक्ष को सौंपा।

**भारत कृषक समाज की 50 वर्षीय यात्रा पुस्तिका का विमोचन**

बैठक के दौरान जबलपुर में भारत कृषक समाज की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर *’50 वर्षीय यात्रा विवरण’* पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। बैठक में जबलपुर जिले से सुभाष चंद्रा, व्हीके पंड्या, रामगोपाल पटेल, बिहारी पटेल, राजेश पटेल, अशोक पटेल, छोटे पटेल, लक्ष्मी पटेल, महेंद्र पटेल और अवसर पटेल सहित अन्य कृषक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का संचालन भारत कृषक समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंजीनियर केके अग्रवाल ने किया।