जबलपुर। अंधमूक चौराहे के पास शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर दौड़ रही एक स्कूटर अचानक धू-धू कर जलने लगी। स्कूटर से तेज धुआं निकलने के कुछ ही क्षण बाद उसमें आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल स्कूटर से छलांग लगा दी और सुरक्षित बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटर क्रमांक एमपी 20 एक्सए 3321 से युवक अंधमूक चौराहे के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा। जब तक चालक कुछ समझ पाता, स्कूटर में आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर चालक ने स्कूटर छोड़कर दूर छलांग लगा दी।सड़क के बीच अचानक स्कूटर में आग लगने से राहगीरों में हड़कंप मच गया और यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटर का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।प्रारंभिक तौर पर स्कूटर में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।