जबलपुर मंडल में रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाया गया अतिरिक्त स्टाफ

जबलपुर रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ी हुई आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल द्वारा प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्री सुविधा, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग द्वारा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही हैयात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए RKMP–JBP जनशताब्दी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त कोच लगाया गया। साथ ही जबलपुर–निजामुद्दीन एवं सोगरिया–जबलपुर के मध्य स्पेशल गाड़ियों के अतिरिक्त फेरे संचालित किए जा रहे हैं । यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कटनी–सतना–कटनी के मध्य 4-4 ट्रिप अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी संचालित की जा रही हैं ।

प्रमुख स्टेशनों पर बुकिंग काउंटरों एवं ATVM पर अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की गई, ताकि यात्रियों को टिकट प्राप्त करने में सुविधा हो और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके। स्टेशनों एवं ट्रेनों में अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती कर टिकट जांच एवं यात्री मार्गदर्शन सुनिश्चित किया गया है।यात्रियों की सुरक्षा के लिए RPF एवं GRP द्वारा संयुक्त चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। प्लेटफार्म, प्रवेश-निकास द्वार, प्रतीक्षालय एवं सर्कुलेटिंग एरिया में अतिरिक्त निगरानी रखी गई तथा CCTV के माध्यम से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार RPF डॉग स्क्वॉड की सहायता से भी जांच की जा रही है।जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, रीवा, दमोह, सागर, नरसिंहपुर, पिपरिया, ब्यौहारी, बरगवां सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, उद्घोषणा प्रणाली एवं कोच इंडिकेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है । वाणिज्य, परिचालन, RPF एवं GRP के बीच प्रभावी समन्वय से पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है ।रेल प्रशासन ने यात्रियों से पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचने, भीड़ के दौरान धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखने, अपने सामान की स्वयं निगरानी करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल RPF अथवा पुलिस को देने की अपील की है I