बरगी बांध के 13 गेट खुले, नर्मदा उफान पर

जबलपुर। बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद जल निकासी बढ़ा दी गई है। शनिवार दोपहर 3 बजे से बरगी बांध के 13 जल द्वार औसतन 1.88 मीटर तक खोलकर करीब 3752 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड मां नर्मदा में छोड़ा जा रहा है। पानी की तेज आवक से नर्मदा नदी उफान पर है और घाटों पर हालात तेजी से बदल रहे हैं।बरगी बांध से छोड़े जा रहे पानी का असर जबलपुर में साफ दिखाई देने लगा है। नर्मदा का जलस्तर करीब 13 से 14 फीट तक बढ़ गया है। ग्वारीघाट क्षेत्र में नदी का पानी घाटों को डुबोते हुए तट से लगी सड़क तक पहुंच गया है। नर्मदा के बढ़ते जलस्तर के कारण ग्वारीघाट सहित आसपास के तटीय इलाकों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।जलस्तर बढ़ने से नर्मदा में  घाटों के कई हिस्से पानी में डूब गए हैं। नदी का पानी लगातार ऊपर आने से नर्मदा तट पर मौजूद लोगों और दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और बांध प्रबंधन की ओर से लोगों को नदी और घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

लगातार बढ़ रही पानी की आवक

बरगी बांध के जलग्रहण क्षेत्र में बारिश के कारण बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। इसी को देखते हुए जल निकासी को बढ़ाकर 13 गेट किए गए हैं। बांध प्रबंधन ने बताया है कि पानी की आवक की स्थिति के अनुसार जल निकासी कभी भी घटाई या बढ़ाई जा सकती है।
नर्मदा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्वारीघाट समेत नदी के सभी तटीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। विशेष रूप से बच्चों और श्रद्धालुओं को नदी के बढ़े हुए जलस्तर से दूर रखने की अपील की गई है।