शहर में बारिश के बीच 1351 स्थानों पर बच्चों ने गाया राष्ट्रगीत”नमामि भारतम्” अभियान में बना विश्व रिकॉर्ड


जबलपुर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में चल रहे ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत शुक्रवार को देशभर में एक करोड़ से अधिक भैया-बहनों, अभिभावकों और पूर्व छात्रों ने एक ही समय सुबह 11 बजे एक स्वर, एक लय और एक ताल में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। आयोजकों के अनुसार इस सामूहिक गायन ने विश्व रिकॉर्ड बनाया।
महाकौशल प्रांत में 1351 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जबलपुर का मुख्य आयोजन सरस्वती शिक्षा परिषद द्वारा सिविक सेंटर स्थित वंदे मातरम् चौक पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योगपति कैलाश गुप्ता, सरस्वती शिक्षा परिषद के प्रादेशिक सचिव डॉ. सुधीर अग्रवाल तथा कार्यक्रम पर्यवेक्षक एवं प्रांत कोषाध्यक्ष विष्णुकांत ठाकुर उपस्थित रहे।
सरस्वती शिशु मंदिर गढ़ा फाटक के भैया-बहनों ने विद्यालय से वंदे मातरम् चौक तक ‘वंदे मातरम् यात्रा’ निकाली। घोष दल के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। गिरते-बरसते पानी के बीच बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ ‘वंदे मातरम्’ का संपूर्ण गायन किया।
महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रमुख हरिराम तिवारी और संयोजक नीरज खरे ने बताया कि नगरीय, ग्रामीण, जनजातीय, औपचारिक और अनौपचारिक क्षेत्रों में 1351 स्थानों पर एक साथ गायन हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी निर्धारित समय पर विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया।
कार्यक्रम के साक्षी डॉ. अजय तिवारी, सहायक अध्यापक मानकुंवर बाई कॉलेज भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला अनुभव रहा।
कार्यक्रम का संचालन विभाग समन्वयक कमलेश अग्रहरि ने किया। आभार प्रदर्शन गढ़ा फाटक विद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. नीलेश पांडेय ने किया।
जबलपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी कार्यकर्ताओं और विद्यालयों ने आयोजन में सहभागिता की। आयोजकों के अनुसार पाटन, सिहोरा, गोसलपुर, मझौली, रांझी, गंगानगर, आधारताल, बरगी हिल्स, राम मंदिर, पनागर, सुंदरपुर, शाहपुरा सहित अनेक स्थानों पर निर्धारित समय पर सामूहिक गायन हुआ।