*जबलपुर। जबलपुर का 68 वर्ष पुराना शास्त्री ब्रिज आने वाले समय में नए स्वरुप लेगा और इसकी लम्बाई बढ़ने के साथ ही इसे फोर लेन बनाया जायेगा, और इसके नए निर्माण के साथ ही जबलपुर शहर के यातायात को गति मिलेगी, यह बात लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने शास्त्री ब्रिज के निरिक्षण के दौरान कही। निरिक्षण के दौरान मंत्री श्री सिंह के साथ सांसद श्री आशीष दुबे, राज्य सभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकी, महापौर श्री जगत बहादुरसिंह अन्नू, विधायक श्री अभिलाष पांडे, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, जिला अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज के साथ ही सीआरआरआई नई दिल्ली के वरिष्ठ वैज्ञानिक,श्री गणेश कुमार साहू, और श्री गणेश कायथा तथा हाईविस्टा, नागपुर के वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ श्री दिनेश यादव, श्री मोहित वर्मा (एम टेक आई आई टी रुड़की) श्री श्रीनिवास (एम टेक आई आई टी गुवाहाटी) एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा जबलपुर शहर का सबसे पुराना ब्रिज जिसे हम शास्त्री ब्रिज के नाम से जानते है जिसका निर्माण लगभग 68 वर्ष वर्ष पूर्व हुआ था और लम्बे समय से मांग की जा रही थी कि शास्त्री ब्रिज काफ़ी पुराना हो चूका है इसका पुनः निर्माण होना चाहिए इसीलिए तय किया क़ि शास्त्री ब्रिज का निर्माण नए स्वरुप में होना चाहिए और शास्त्री ब्रिज के नव निर्माण कार्य हेतु अनुभवी कंसलटेंट एवं अधिकारीयों के साथ शास्त्री ब्रिज का निरिक्षण।
श्री सिंह ने कहा वर्तमान शास्त्री ब्रिज लगभग 65 वर्ष पुराना चिनाई (मेसनरी) पुल है। इसकी कैरिजवे (Carriageway) की चौड़ाई 10 मीटर तथा दोनों ओर 1.5-1.5 मीटर चौड़े फुटपाथ सहित कुल चौड़ाई 13 मीटर है। CRRI, नई दिल्ली एवं Hivista, नागपुर (कंसल्टेंट) द्वारा किए गए संरचनात्मक मूल्यांकन में पुल के पुनर्निर्माण की अनुशंसा की गई है।
उन्होंने बताया प्रस्तावित योजना के अनुसार शास्त्री ब्रिज का पुनर्निर्माण 16.40 मीटर चौड़े 4-लेन आधुनिक पुल के रूप में किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर की बड़ी आबादी को यातायात जाम से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।
उन्होंने बताया पुल का निर्माण IRC के मानकों के अनुरूप सिंगल-पियर व्यवस्था पर किया जाएगा, जिससे पुल के नीचे उपलब्ध भूमि का बेहतर एवं प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित होगा। इस हेतु शीघ्र ही विस्तृत DPR तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने की कार्यवाही की जाएगी।
मंत्री श्री सिंह ने कहा शास्त्री ब्रिज के नए निर्माण हेतु जो निर्णय लिया गया है उसकी ड्राइंग डिजाइन का कार्य प्रारंभिक रूप से शीघ्र ही किया जायेगा।आईटीआई से चुंगी चौकी तक बनने वाला फ्लाई ओवर के लेग पाटन एवं कटंगी रोड पर उतरेंगे*लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारीयों के साथ आईटीआई से चुंगी चौकी तक बनने वाले फ्लाई ओवर का निरिक्षण किया।लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आईटीआई से चुंगी चौकी तक बनने वाला फ्लाई ओवर के निरीक्षण में पाया गया कि दीनदयाल जंक्शन पर उपलब्ध Right of Way (ROW) पर्याप्त है। यहाँ पर वर्तमान में बनी हुई बड़ी रोटरी को छोटा कर एवं जंक्शन इंप्रूवमेंट के कार्य, फ्री लेफ्ट टर्न, सर्विस रोड का समावेश करते हुए आई आर सी सुरक्षा मानकों के सुरक्षा मनको के अनुरूप सुधार किया जाएगा। तथा ट्रैफिक सिग्नल का प्रयोग कर काफी कम लागत में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारा जा सकता है।
उन्होंने बताया इन सुधार कार्यों से आई एस बी टी चौराहे की यातायात क्षमता लगभग 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की जा सकती है। तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में आई एस बी टी चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता नहीं है। माढ़ोताल तिराहे जंक्शन पर पर्याप्त भूमि की चौड़ाई नहीं होने के कारण यहां एलिवेटेड फ्लाईओवर प्रस्तावित किया गया है। जो आई टी आई के पास से प्रारंभ होकर इसकी एक भुजा पाटन रोड एवं दूसरी भुजा दमोह रोड को जोड़ेगी। इस फ्लाईओवर की लंबाई लगभग 1 किलोमीटर होगी।उन्होंने बताया कुशल, सुचारू एवं सुरक्षित यातायात संचालन के लिए एलिवेटेड लेवल तथा जंक्शन इंप्रूवमेंट दोनों पर रोटरी अरेंजमेंट विकसित किया जाएगा।लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जबलपुर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में जबलपुर विकास की दृष्टि से प्रदेश का अग्रणी जिला होगा।