जबलपुर। सनातन धर्म प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा और समर्पण का मार्ग सिखाता है। मन से उदारतापूर्वक किए गए कार्य से सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। समाज और धर्म के लिए सभी लोग प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से अपनी सामर्थ्य के अनुसार सेवा करते हैं, लेकिन युवाओं को संगठित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में परमात्मा और माता-पिता के आशीर्वाद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जो व्यक्ति अच्छे कार्य करता है, उसे यश, कीर्ति और सम्मान अवश्य प्राप्त होता है। सभी कुछ अपनी सामर्थ्य से करते हैं, लेकिन सफलता के पीछे परमात्मा का आशीर्वाद ही सबसे बड़ा आधार है।उक्त उद्गार श्रीमद् जगतगुरु नरसिंहपीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज ने श्री सनातन धर्म महासभा द्वारा आयोजित जन्माष्टमी शोभायात्रा के नौ दिवसीय कार्यक्रमों के समापन अवसर पर नरसिंह मंदिर में आयोजित वृहद समीक्षा बैठक एवं सम्मान समारोह में व्यक्त किए।
स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज ने कहा कि भगवान के प्राकट्य के अवसर पर व्यक्ति के घर से लेकर आसपास और पूरे समाज में आनंदोत्सव का वातावरण निर्मित हो जाता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में श्री सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्याम साहनी, अशोक मनोध्याय, गुलशन मखीजा, लकी भाटिया, संदीप जैन, अंजू भार्गव, कविता दुबे एवं सोनल सेठी ने जन्माष्टमी शोभायात्रा के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी मंदिरों, सामाजिक संस्थाओं एवं सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह एवं समीक्षा बैठक में लेखराज सिंह ‘मुन्ना भैया’, विश्व हिंदू परिषद के प्रदीप गुप्ता, मुन्ना पांडे, पंकज श्रीवास्त्री, आलोक पाठक, मनोज शर्मा, राजेश कुमार सेठी, प्रवेश खेड़ा, विष्णु पटेल, जगदीश साहू, जितिन नारंग, राजेंद्र प्यासी, पवन पांडे, मनोज सेठ, लोकराम कोरी, संजय पटेल, विद्येश भापकर, भोला सोनकर, मनीष पोपली, रत्नेश मिश्रा, ठाडेश्वर महावर, गीता पांडे, मीरा दुबे, गीता साहू, सुधा शर्मा एवं राज चोपड़ा सहित अन्य उपस्थितजनों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के समापन पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान नरसिंह को अर्पित भोग एवं भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया।बैठक का संचालन एवं आभार ज्ञापन प्रवेश खेड़ा एवं विष्णु पटेल ने किया।