आरटीओ की सख्ती: स्कूल के बाहर नियम तोड़ते पांच वाहनों पर कार्रवाई

जबलपुर। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शनिवार को विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा के निर्देशन में एमएम इंटरनेशनल स्कूल के पास की गई जांच के दौरान सात वाहनों की जांच की गई, जिनमें से पांच वाहनों में फिटनेस, टैक्स और परमिट से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं मिलीं। सभी दोषी वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।जांच के दौरान एमपी-20-पीए-8297 बिना वैध फिटनेस के संचालित होता मिला। एमपी-20-जेडएन-2088 पर टैक्स संबंधी अनियमितता पाई गई। वहीं एमपी-16-पी-5544 बिना टैक्स और परमिट के सड़क पर दौड़ता मिला। इसके अलावा एमपी-54-पी-0207 और एमपी-09-डीए-5544 में भी वैध परमिट नहीं पाया गया। दूसरी ओर एमपी-66-पी-0418 और एमपी-20-डीए-7744 सभी दस्तावेजों के साथ नियमों के अनुरूप संचालित पाए गए।क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।