बारात की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार पिकअप पलटी, दो बारातियों की मौत, दूल्हे के पिता समेत चार की हालत गंभीर

छतरपुर। शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप नौगांव थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। दर्दनाक हादसे में दो बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।पुलिस के अनुसार, बारात टीकमगढ़ जिले के ग्राम बिदारी से उत्तर प्रदेश के अतर्रा जा रही थी। यूपी-91-एटी-3394 नंबर की पिकअप में करीब 20 बाराती सवार थे। देर रात नौगांव स्थित पीएम श्री कॉलेज के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला।हादसे में किशोरी अहिरवार (48) और नितिन अहिरवार (17) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने वालों में दूल्हे के पिता नंदलाल अहिरवार, संतोष, चेचे और भजनलाल शामिल हैं। सभी घायलों को पहले नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चार गंभीर घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की भी आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। चालक की भूमिका और वाहन की तकनीकी स्थिति की भी पड़ताल की जा रही है।