प्रतिबंधित कार्बाइड गन के अवैध कारोबार पर पुलिस की दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। प्रतिबंधित कार्बाइड गन के अवैध निर्माण और विक्रय के खिलाफ क्राइम ब्रांच, थाना कुंडम एवं थाना मदनमहल पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 39 किलो 500 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड, 14 कार्बाइड गन, सात सर्किट और सात प्लास्टिक पाइप जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ जिला दंडाधिकारी के प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की गई पुलिस के अनुसार 29 अक्टूबर की शाम क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि बाजार मोहल्ला बघराजी निवासी दशरथ बड़गइयां (58) ने अपने मकान में बिक्री के लिए कार्बाइड गन रखी हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और कुंडम पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में सीढ़ियों के पास प्लास्टिक पाइप से तैयार 10 कार्बाइड गन, गन बनाने में इस्तेमाल होने वाले सात प्लास्टिक पाइप, सात सर्किट और बोरी में रखा 11 किलो 500 ग्राम कार्बाइड बरामद हुआ। पुलिस ने सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस एवं विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(बी) के तहत कार्रवाई की।इसी दौरान पुलिस टीम ने बघराजी स्थित एक दुकान पर दबिश देकर दुकान संचालक चित्रांश साहू (29), निवासी ग्राम बघराजी के कब्जे से प्लास्टिक पाइप से तैयार चार कार्बाइड गन बरामद कीं। पुलिस ने गन जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस के तहत कार्रवाई की।

मदनमहल पुलिस ने भी जब्त किया 28 किलो कार्बाइड

दूसरी कार्रवाई में मदनमहल पुलिस ने 29 अक्टूबर को पेट्रोलिंग के दौरान बंसल ब्लड बैंक के पास सुखेजा टावर स्थित लाठिया ट्रेडर्स पर जांच की। दुकान संचालक विजय साहू (49), निवासी गोल्डन टाउन, माढ़ोताल की दुकान में रखे ड्रम से 28 किलो कैल्शियम कार्बाइड बरामद हुआ। इसकी कीमत करीब 2800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार्बाइड जब्त कर जिला दंडाधिकारी के 17 अक्टूबर 2026 के आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ धारा 223(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।कार्बाइड गन एवं निर्माण सामग्री की जब्ती में क्राइम ब्रांच और कुंडम थाने के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही। वहीं मदनमहल क्षेत्र में कार्रवाई में बस स्टैंड चौकी प्रभारी उप निरीक्षक जगन्नाथ यादव, प्रधान आरक्षक दीपक कुमार बकोड़े एवं आरक्षक लक्ष्मीनारायण का योगदान रहा।