रेलवे बोर्ड के मेंबर इन्फ्रास्ट्रक्चर श्री विवेक कुमार गुप्ता ने किया जबलपुर रेल मंडल का दौरा*

जबलपुर। रेलवे बोर्ड के मेंबर इन्फ्रास्ट्रक्चर श्री विवेक कुमार गुप्ता ने शनिवार को जबलपुर रेल मंडल का व्यापक दौरा किया। इस दौरान जबलपुर रेल मंडल कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा सहित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत तीव्र गति से जारी विकास कार्यों, उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं, निर्माण कार्यों की उच्च गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई। श्री गुप्ता ने रेल विकास कार्यों की गति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित संरक्षा मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
                                                               उन्होंने  ओवरब्रिज निर्माण कार्यों में संरक्षा, रेल पुलों की सतत निगरानी एवं सुदृढ़ीकरण, ट्रैक के आधुनिक अनुरक्षण, यार्ड उन्नयन, टर्नआउट सुधार, अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन (USFD) एवं आधुनिक ट्रैक मशीनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसके साथ ही पर्यावरण-अनुकूल लोको शेड, आधुनिक एलएचबी कोचों के उच्चस्तरीय अनुरक्षण, उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली, समपार फाटकों की सुरक्षा व्यवस्था तथा फील्ड स्टाफ के निरंतर क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम, पैनल रूम, सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क, सुगम भीड़ प्रबंधन, त्वरित पार्सल परिवहन प्रणाली, तत्पर आपातकालीन नियंत्रण तंत्र, ट्रेनों की सुरक्षित गति वृद्धि एवं ट्रैक की सुदृढ़ संरक्षा पर विशेष बल दिया गया। श्री गुप्ता ने परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक व नवाचारों के अधिकाधिक उपयोग, कर्मचारियों के नियमित रिफ्रेशर प्रशिक्षण तथा सभी विकास परियोजनाओं को उच्चतम सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
                                              मंडल रेल प्रबंधक श्री कमल कुमार तलरेजा ने मंडल में प्रमुख विकास परियोजनाओं, नई उपलब्धियों एवं उनकी प्रगति का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया।
                                     समीक्षा बैठक में पश्चिम मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता श्री एकनाथ मोहनकर, प्रमुख मुख्य अभियंता श्री आशुतोष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम. एस. हाशमी, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिनेश कुमार कलामे एवं श्री अभय कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री प्रिंस विक्रम, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री अनुराग पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री वरुण चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री रजनीकान्त साहू सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।