जबलपुर । मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने पारेषण व्यवस्था को और अधिक विश्वसनीय बनाते हुए 220 केवी सबस्टेशन अशोकनगर में 50 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे ऊर्जीकृत किया है। इसके साथ ही सबस्टेशन की ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 513 एमवीए की हो गई है।
*अतिरिक्त ट्रांसफार्मर से बेहतर होगा लोड प्रबंधन*–
इस सबस्टेशन में इसके पहले 132/33 के वी के तीन पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील थे । बढ़ते विद्युत भार तथा पारेषण व्यवस्था की विश्वसनीयता को ध्यान में रखते हुए एक और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। चार पावर ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता से बढ़ते विद्युत भार के अनुरूप लोड प्रबंधन में सुविधा होगी और पारेषण व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ेगी।
*एमपी ट्रांसको की ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 85,588 एमवीए**
एमपी ट्रांसको प्रदेश में 418 एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण कार्य संचालित कर रही है, जिनमें 400 केवी के 14, 220 केवी के 88 तथा 132 केवी के 316 सबस्टेशन शामिल हैं।कंपनी के प्रदेशभर में कुल 1,058 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील हैं, जिनमें 400 केवी स्तर के 41, 220 केवी स्तर के 220 तथा 132 केवी स्तर के 797 पावर ट्रांसफार्मर शामिल हैं।
अशोकनगर 220 केवी सबस्टेशन में 50 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने से एमपी ट्रांसको की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 85,588 एमवीए हो गई है।