डुमना एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों की मनमानी पर अंकुश, पुलिस संचालित प्रीपेड टैक्सी बूथ प्रारंभ

जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट पर यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने और टैक्सी चालकों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और एयरपोर्ट प्रबंधन ने संयुक्त पहल करते हुए एयरपोर्ट परिसर में प्रीपेड टैक्सी बूथ शुरू किया है, जिसका संचालन और निगरानी जबलपुर पुलिस करेगी।नई व्यवस्था के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों के लिए टैक्सी किराया पहले से निर्धारित कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट परिसर में प्रमुख स्थानों पर किराया सूची भी प्रदर्शित की गई है, ताकि सफर शुरू होने से पहले ही किराए की स्पष्ट जानकारी मिल सके।प्रीपेड बूथ पर सुबह से शाम तक कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। यात्री पहले बूथ से गंतव्य के अनुसार प्रीपेड पर्ची प्राप्त करेंगे, जिसके आधार पर टैक्सी चालक उन्हें तय स्थान तक पहुंचाएगा। इस व्यवस्था से किराए को लेकर होने वाले विवादों और अतिरिक्त राशि की मांग पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरी व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि टैक्सी चालक निर्धारित किराए से अधिक राशि न वसूलें। यदि किसी यात्री से ओवरचार्जिंग या अन्य प्रकार की शिकायत मिलती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और पारदर्शी टैक्सी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। उनका कहना है कि प्रीपेड टैक्सी प्रणाली से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और तय किराए पर परिवहन उपलब्ध होगा, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले टैक्सी चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।