जबलपुर। मानसून का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल मंगलवार को हुई प्री-मानसूनी 11 मिलीमीटर बारिश के बाद बुधवार को दिन भर उमस भड़की रही। लेकिन इस बारिश से राहत कम आफत ज्यादा हो गई है। पिछले दो महीनों से तंदूर की भट्टी की तरह तप रही धरती पर पानी की बूंदे पड़ते ही धरती उमस छोड़ने लगती है जिसका असर चिपचिपाहट वाली गर्मी के रुप में सामने आ रहा है। सूर्योदय के बाद तापमान फिर परवान चढ़ने लगा और पारा 40.5 डिग्री के पर रहा। मौसम कार्यालय के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवाएं चलने और कहीं कहीं गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। मप्र में मानसून 18 से 20 जून के बीच प्रवेश कर सकता है तब स्थानीय बादलों से ही राहत की उम्मीद की जा सकती है।
11.2 मिमी.वर्षा दर्ज………….
मौसम कार्यालय का कहना है कि जहां तक आसमान में हवा के कम दबाव का क्षेत्र है, वह स्थानीय बादलों से ही बन रहा है। इसलिए फिलहाल छुटपुट वर्षा ही हो सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 67 प्रतिशत और सायंकाल 37 प्रतिशत आंकी गई। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 42.5 और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को शाम और रात मिलाकर 11.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई| 1 जून से अब तक कुल वर्षा 21.1 मिली मीटर दर्ज की जा चुकी है। पश्चिमी हवाऐं 5 से 6 प्रति घंटे की रफ्तार से चली। अगले 24 घंटों के दौरान जिले में झंझावत और व्रजपात के साथ हल्की वर्षा की संभावना दर्ज की गई|