जबलपुर। पोलियो मुक्त विश्व और बच्चों के सुरक्षित भविष्य का संदेश देने के उद्देश्य से रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के तत्वावधान में शनिवार, 24 अक्टूबर को जबलपुर में विशाल पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई। राइट टाउन स्टेडियम के सामने से शुरू हुई रैली मालवीय चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें 400 से अधिक रोटरी सदस्य सफेद परिधान में शामिल हुए और शांति, सद्भावना, सेवा तथा स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।
रैली का उद्देश्य पोलियो उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, नियमित टीकाकरण के महत्व को रेखांकित करने और बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना था।
डिस्ट्रिक्ट पोलियो चेयरमैन रोटे भरत डागा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी, मध्य प्रदेश रोटे नितिन जैन ने पोलियो उन्मूलन के लिए निरंतर जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।अभियान के विशेष सहयोगी पूर्व प्रांतपाल एवं राज्यसभा सांसद रोटे विवेक तन्खा रहे। कार्यक्रम के इवेंट चेयरमैन पूर्व प्रांतपाल रोटे सुनील फाटक, इवेंट को-चेयर रोटे एन.के. श्रीवास्तव तथा इवेंट कोऑर्डिनेटर रोटे अंकुर माहेश्वरी हैं।
रैली में असिस्टेंट गवर्नर रोटे रवि वैश्य, राकेश नेमा, डॉ. शोभित वर्मा, अनिल दुबे और शिखा पौराणिक सहित जबलपुर के सभी 12 रोटरी क्लबों के सदस्यों ने भाग लिया। अभियान में सक्षम महाकौशल प्रांत, विशुद्ध हेल्थकेयर फाउंडेशन तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के निदेशक विजय तिवारी के नेतृत्व में स्काउट-गाइड के बच्चों ने रैली में हिस्सा लिया। वहीं, विभिन्न विद्यालयों के 150 से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।
रैली के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया गया कि पोलियो मुक्त विश्व का लक्ष्य हासिल करने के लिए नियमित टीकाकरण, निरंतर जन-जागरूकता और सामाजिक सहभागिता बेहद जरूरी है। आयोजकों ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी रोटरी सदस्यों, सहभागी संस्थाओं, विद्यार्थियों और स्काउट-गाइड के प्रति आभार व्यक्त किया।