जबलपुर। शहर के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन स्थापक को मध्य प्रदेश स्टेट ऑप्थेलमिक सोसाइटी (एमपीओएस) का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। इंदौर में विगत दिवस आयोजित सोसाइटी की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में उनके निर्वाचन की घोषणा की गई। इस उपलब्धि से जबलपुर के चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है।
डॉ. स्थापक का अध्यक्ष निर्वाचित होना उनके चिकित्सा क्षेत्र में लंबे अनुभव, उत्कृष्ट सेवाओं और योगदान का सम्मान माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से जबलपुर का गौरव बढ़ा है। चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी इस अवसर पर जबलपुर के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि की घोषणा हुई। वर्ष 2027 में मध्य प्रदेश स्टेट ऑप्थेलमिक सोसाइटी की 50वीं यानी स्वर्ण जयंती वार्षिक कॉन्फ्रेंस का आयोजन जबलपुर में किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश के नेत्र रोग विशेषज्ञों सहित चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अनेक विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है। यह सम्मेलन नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में ज्ञान, अनुभव और नवीन तकनीकों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
चिकित्सा एवं सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान
डॉ. पवन स्थापक अपनी कुशल नेत्र शल्य चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों के लिए जाने जाते हैं। अध्यक्ष पद पर उनके निर्वाचन को प्रदेश में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को प्रोत्साहित करने और इस क्षेत्र में नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उनके निर्वाचन की खबर मिलते ही जबलपुर के चिकित्सा संगठनों, इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अनेक लोगों ने उनसे मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किए, वहीं कई लोगों ने दूरभाष के माध्यम से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।