कचरा कल्चर की मानसिकता से उबरने की जरूरत

जबलपुर हमको कचरा कल्चर की मानसिकता से ऊपर उठना होगा और स्वच्छता को हमारी जिम्मेदारी में शामिल करना चाहिए। यह एक ऐसा काम है जो हम दूसरों पर नहीं छोड़ सकते बल्कि हमें स्वयं को इसमें लगाना होगा । इस आशय के विचार जबलपुर नगर निगम के महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू भैया ने पीआईबी भोपाल द्वारा आयोजित विकसित भारत 2047 एवं ठोस अवशिष्ट प्रबंधन पर केंद्रित एक दिवसीय मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम में व्यक्त किये।श्री सिंह ने कहा कि इस समय देश में जबलपुर कचरे के निपटान में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां पर न सिर्फ बड़ी मात्रा में कचरा का निपटान हो रहा है बल्कि जबलपुर दूसरे शहरों को भी एक नई राह दिखा रहा है । मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करते हुए श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर में भोपाल और प्रयागराज से भी कचरा निपटान के लिए आता है। उन्होंने दुबई कॉन्फ्रेंस का जिक्र करते हुए कहा कि दुबई की उस कॉन्फ्रेंस में भी जबलपुर के कचरा निपटान के विषय में चर्चा हुई ।महापौर ने कहा कि जबलपुर के नागरिक भी अब अपनी जिम्मेदारी बढ़ चढ़कर निभा रहे हैं और इसका नतीजा है कि जबलपुर में आज स्वच्छता की बयार बहने लगी है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के अवसर पर नगर निगम जबलपुर के अपर आयुक्त  देवेंद्र सिंह चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति रोजाना 300 से 400 ग्राम कचरा औसतन निकलता है। इस तरह हम कल्पना कर सकते हैं कि प्रतिदिन एक शहर और पूरे प्रदेश में कितना कचरा उत्पादित होता होगा । निश्चित ही स्थानीय शासन के पास यह एक बड़ी जिम्मेदारी है । अब कचरा निपटान कोई समस्या नहीं बल्कि तकनीक के आधार पर अब यह आर्थिक रूप से भी संबल प्रदान कर रही है। श्री चौहान ने कहा कि कचरे को घर से प्राप्त कर और उसको ठीक ढंग से डिस्पोज करना निगम की एक बड़ी जिम्मेदारी है और उस जिम्मेदारी को नगर निगम पूरी कुशलता के साथ पूरा कर रहा है । उन्होंने कहा कि बहुत ही कम समय में नगर निगम जबलपुर ने इस क्षेत्र में अपनी पहचान सिर्फ प्रदेश में ही नहीं देश के स्तर पर बनाई है। उन्होंने कहा कि जबलपुर में स्वच्छता से संबंधित जागरूकता बहुत तेजी से बढ़ रही है। कार्यक्रम के आरंभ में पीआईबी भोपाल के निदेशक श्री मनीष गौतम ने वार्तालाप कार्यक्रम के विषय में चर्चा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों पर केंद्रित वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में समय-समय पर किया जाता है। इसी कड़ी में जबलपुर में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है श्री गौतम ने पीआईबी भोपाल की कार्यप्रणाली से अवगत कराते हुए मीडिया प्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे। इसमें नगर निगम जबलपुर के श्री गणेश राम स्वच्छता समन्वयक और उप परियोजना निदेशक कृषि विभाग श्रीमती सीमा सराफ सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे। अपने प्रस्तुतीकरण में श्री गणेश राम ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में किस तरह से ठोस अवशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रावधानों के अंतर्गत नगर निगम कार्य कर रहा है। इन कार्यों से जबलपुर को न केवल एक नई पहचान मिली है बल्कि नागरिकों के बीच जागरूकता का संचार भी हुआ है। उप परियोजना निदेशक श्रीमती सीमा सराफ ने कृषि विभाग से संबंधित अनेक योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी  संदीप चौकसे ने किया और आभार प्रदर्शन सहायक निदेशक पीआईबी  अजय प्रकाश उपाध्याय ने किया।