दशलक्षण महापर्व में धर्मायतन में गूंजेगा धर्म और अध्यात्म का संदेश

जबलपुर। श्री महावीर स्वामी मार्ग स्थित श्री महावीर स्वामी दिगंबर जिन मंदिर, धर्मायतन, गोलबाजार में दशलक्षण महापर्व का भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन 16 से 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। महापर्व के दौरान धर्मसभा, शास्त्र स्वाध्याय, पूजन, भक्ति और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस अवसर पर मुंबई के प्रसिद्ध विद्वान पं. विपिन जी शास्त्री 15 सितंबर की दोपहर जबलपुर पहुंचेंगे। उनके विद्वत् सान्निध्य में श्रद्धालुओं को धर्म एवं अध्यात्म की गहन जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।श्री वीतराग विज्ञान मंडल के अध्यक्ष अशोक जैन, संजय जैन, जैन युवा फेडरेशन के अध्यक्ष अभिषेक जैन एवं सचिव संदीप जैन ने संयुक्त रूप से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि महापर्व के दौरान प्रतिदिन प्रातः 7:15 से 10:30 बजे तक प्रक्षाल-अभिषेक, नित्य नियम पूजन, शास्त्र स्वाध्याय एवं तत्त्वार्थसूत्र कक्षा आयोजित होगी। वहीं रात्रि 7:30 से 10:30 बजे तक पाठशाला, जिनेन्द्र भक्ति, प्रतिक्रमण पाठ, शास्त्र स्वाध्याय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

विशेष धार्मिक अवसरों पर होंगे आयोजन

दशलक्षण महापर्व के दौरान विभिन्न धार्मिक तिथियों पर विशेष आयोजन भी किए जाएंगे। 17 सितंबर को श्री सुपार्श्वनाथ भगवान गर्भ कल्याणक, 19 सितंबर को श्री पुष्पदंत भगवान मोक्ष कल्याणक तथा 22 सितंबर को दोपहर 2 बजे से जबलपुर के जिन मंदिरों की सामूहिक वंदना आयोजित की जाएगी।

महापर्व के अंतिम दिन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर श्री वासुपूज्य भगवान मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। इसके बाद 27 सितंबर को क्षमावाणी पर्व का आयोजन होगा।

आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से दशलक्षण महापर्व के सभी धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।