नर्मदा घाटों पर 24 घंटे साफ सफाई रखना सुनिश्चित करें निगम आयुक्त के निर्देश

जबलपुर। मां नर्मदा के सभी घाटों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज सुबह 7 बजे से ही अपनी पूरी टीम के साथ नर्मदा तटों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने घाट-घाट घूमकर वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मां नर्मदा के दर्शन-स्नान के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो निगमायुक्त ने बताया कि नर्मदा तटों पर अब 24 घंटे स्वच्छता का विशेष माहौल बनाए रखा जाएगा। इसके लिए कचरा प्रबंधन हेतु अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती के साथ-साथ आधुनिक संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा।

सुरक्षा और रोशनी पर विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रात्रिकालीन सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए सभी घाटों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं,घाटों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त, साफ-सुथरा और सुगम बनाया जाएगा, जिससे पर्व और विशेष अवसरों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाई न हो।निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त के साथ अपर आयुक्त, अधीक्षण यंत्री, उपायुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक, संभागीय अधिकारी एवं मुख्य स्वच्छता निरीक्षक सहित नगर निगम का पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।