जबलपुर शहर में ब्रांड की नकल कर स्नैक्स बेचने के मामले में अधारताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खजरी खिरिया बाईपास स्थित एक स्नैक्स निर्माण इकाई पर छापा मारकर पुलिस ने ऐसी पैकेजिंग सामग्री और उत्पाद जब्त किए हैं, जो प्रथम दृष्टया गंगा फूड के ब्रांड और पैकिंग से मिलते-जुलते पाए गए। मामले में कॉपीराइट उल्लंघन के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि गंगा फूड के संचालक विजय उपाध्याय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विजयश्री इंटरप्राइजेज/विजयश्री सेल्स उनकी कंपनी के नाम, डिजाइन और पैकेजिंग की कथित तौर पर नकल कर स्नैक्स का निर्माण और बाजार में बिक्री कर रही है।शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने फैक्ट्री में दबिश देकर पैकेजिंग सामग्री और तैयार उत्पादों की जांच की। प्रारंभिक जांच में कई पैकेट गंगा फूड के उत्पादों से काफी हद तक मिलते-जुलते पाए गए। पुलिस ने संदिग्ध सामग्री जब्त कर फैक्ट्री संचालक को दस्तावेजों सहित तलब किया है।पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और जब्त सामग्री की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि कॉपीराइट उल्लंघन की पुष्टि होती है तो फैक्ट्री को सीज करने सहित अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।