ट्रांसमिशन टावरों एवं सबस्टेशन के आसपास उत्खनन पर प्रतिबंध-

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस संभाग की पहल पर सतना जिला प्रशासन ने ट्रांसमिशन टावरों एवं 220 केवी एक्स्ट्रा हाई टेंशन सबस्टेशन सतना (सितपुरा) के आसपास हो रहे वैध एवं अवैध उत्खनन पर प्रतिबंध लगा दिया है। इससे टावरों की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ उनके ध्वस्त होने की आशंका भी कम हुई है।
उल्लेखनीय है कि 220 केवी एवं 132 केवी टावरों के आसपास बड़े पैमाने पर मुरम व मिट्टी के उत्खनन से उनकी स्थिरता पर खतरा उत्पन्न हो रहा था। ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस संभाग सतना के कार्यपालन अभियंता श्री अमित कुमार ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया, जिसके बाद एमपी ट्रांसको ने तकनीकी आकलन कर प्रशासन को संभावित जोखिमों से अवगत कराया।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नागौद क्षेत्र में धारा 163 के तहत उत्खनन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लागू कर दिया।