नरसिंहपुर में हाईटेंशन लाइनों के प्रतिबंधित कॉरिडोर में 51 अवैध निर्माण चिन्हित, हटाने के नोटिस जारी

जबलपुर। नरसिंहपुर जिले में अति उच्चदाब विद्युत ट्रांसमिशन लाइनों के सुरक्षा कॉरिडोर में किए गए निर्माणों को लेकर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 51 असुरक्षित निर्माण चिन्हित किए गए हैं। संबंधित भवन और निर्माण मालिकों को नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

12 क्षेत्रों में मिले प्रतिबंधित कॉरिडोर के निर्माण

एमपी ट्रांसको के सर्वे में नरसिंहपुर-श्रीनगर, नरसिंहपुर इंटरकनेक्टर, नरसिंहपुर-बरमान और नरसिंहपुर-गाडरवारा की 132 केवी ट्रांसमिशन लाइनों के नीचे और आसपास निर्माण पाए गए हैं। इनमें यादव कॉलोनी के 15, वर्धमान सिटी के 13, गोकुल नगर के 6, सिमरिया रोड के 4, तिदनी रोड के 3 तथा अवंती नगर, झरना रोड और कोदसा (करेली) के दो-दो निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा प्रताप नगर, गंगानगर, देवकछार रोड और कुंडी में एक-एक निर्माण चिन्हित किया गया है।

**सुरक्षा दूरी का उल्लंघन जानलेवा**

केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के दोनों ओर 27 मीटर तथा 220 केवी लाइन के दोनों ओर 35 मीटर का सुरक्षा कॉरिडोर आवश्यक है। इस दायरे में निर्माण प्रतिबंधित है। इन लाइनों में अत्यधिक उच्च वोल्टेज प्रवाहित होता है। तारों के संपर्क में आने या उनके बेहद करीब पहुंचने से करंट और विद्युत आर्क के कारण गंभीर अथवा जानलेवा हादसे हो सकते हैं।

प्रशासन के सहयोग से चल रहा जागरूकता अभियान

एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता आरएस पांडे और कार्यपालन अभियंता एपीएस चौहान के निर्देशन में नरसिंहपुर टीएलएम टीम अभियान चला रही है। सहायक अभियंता आशीष कुमार स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पब्लिक एड्रेस सिस्टम, व्यक्तिगत संपर्क और नोटिस के माध्यम से नागरिकों को विद्युत सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।एमपी ट्रांसको ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा कॉरिडोर में किसी भी प्रकार का निर्माण न करें तथा पहले से निर्मित संरचनाओं के संबंध में जारी नोटिसों का पालन करें। कंपनी का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन ही संभावित विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव का प्रभावी उपाय है।