जबलपुर। कोदो के आटे से बनी रोटी खाना एक परिवार के सात सदस्यों के लिए मुसीबत बन गया। भोजन करने के करीब एक घंटे बाद ही परिवार के सभी सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। एक साथ उल्टियां शुरू होने से घर में अफरा-तफरी मच गई। हालत गंभीर होने पर ग्रामीणों ने सभी को सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार घटना सिहोरा के समीपस्थ ग्राम मोहसाम की है। बीमार होने वालों में 18 वर्षीय रोजी बी, 85 वर्षीय शेख सिकंदर, 38 वर्षीय रवीना, 62 वर्षीय सुमबी बी, 20 वर्षीय रुखसार, 40 वर्षीय इकसार और 8 वर्षीय शबनम शामिल हैं। सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया।
दो की हालत बेहद नाजुक……
सिहोरा अस्पताल में रात्रिकालीन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. एहतिशाम अंसारी ने बताया कि सभी सात मरीजों को उल्टियां हो रही थीं। इनमें दो की हालत अत्यंत गंभीर थी, जबकि अन्य पांच की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई थी। मरीजों की हालत इतनी खराब थी कि वे ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। चिकित्सकीय टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और सभी को मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया।
कोदो के आटे में विषाक्तता की आशंका…..
ग्रामीणों के मुताबिक परिवार के सदस्यों ने भोजन में कोदो के आटे से बनी रोटियां खाई थीं। इसके लगभग एक घंटे बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कोदो के आटे में किसी प्रकार का विषाक्त तत्व मौजूद हो सकता है। अनाज के भंडारण में इस्तेमाल किए गए कीटनाशक के अवशेष भी इसकी वजह हो सकते हैं। हालांकि, चिकित्सकीय जांच और खाद्य पदार्थों के परीक्षण के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। एक ही परिवार के सात सदस्यों के एक साथ बीमार पड़ने की घटना ने खाद्यान्न की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।