जबलपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो बुजुर्गों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चरगवां क्षेत्र में पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो किशोर घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने संबंधित मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत…….
अधारताल थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे 75 वर्षीय दुर्गा प्रसाद सोनी साइकिल से हाउसिंग बोर्ड राशन लेने जा रहे थे। जैसे ही वे मेन रोड पर वन विभाग चौकी और खरपतवार के बीच पहुंचे, तभी करौंदा नाला की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 20 एक्सए 3011 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दुर्गा प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक मौके पर ही खड़ा मिला। उनकी बेटी रिया सोनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
बलेनो कार की टक्कर से वृद्ध महिला की मौत….
गोहलपुर थाना क्षेत्र में गत शाम करीब 5:35 बजे सड़क पार कर रही 96 वर्षीय सकीना बेगम को बलेनो कार ने टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, सकीना बेगम घर से सब्जी मंडी पैदल जा रही थीं। इसी दौरान दमोहनाका की ओर से आ रही बलेनो कार क्रमांक एमपी 20 जेडई 1830 के चालक रोहित सिंह निवासी महाकौशल नगर, अधारताल ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में कार का पहिया उनके पेट के ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतका के नाती सोहेल खान की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पिकअप की टक्कर से दो किशोर घायल…..
चरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनिया में बुधवार शाम करीब 5:30 बजे बाइक सवार दो किशोरों को पीछे से आ रही सफेद रंग की पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में देवरी निवासी 16 वर्षीय अविनाश ठाकुर और 17 वर्षीय अभिषेक उर्फ बेड़ी ठाकुर घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पुलिस को घायल अभिषेक ने बताया कि वह अविनाश के साथ मोटरसाइकिल से बिजोरी से चरगवां जा रहा था। खोखा तिराहा जमुनिया के पास एक फार्म हाउस के गेट के सामने पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति में आ रही सफेद पिकअप के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में अविनाश को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं, जबकि अभिषेक के चेहरे पर चोट लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।