मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव: चौथे दिन 7 प्रत्याशी बाहर, अब तक 35 का एलिमिनेशन

जबलपुर। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद निर्वाचन-2026 की मतगणना का पहला चरण पूरा होने के साथ ही द्वितीय चरण की मतगणना भी जारी है। सोमवार को ‘एलिमिनेशन राउंड’ के चौथे दिन 7 प्रत्याशियों को चुनावी दौड़ से बाहर किया गया। इसके साथ ही अब तक कुल 35 प्रत्याशियों का एलिमिनेशन हो चुका है।
राज्य अधिवक्ता परिषद के उच्च शक्ति निर्वाचन समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चौथे दिन एलिमिनेट किए गए प्रत्याशियों में क्रमांक 38 गायत्री सूर्ये (ग्वालियर), क्रमांक 45 कैलाश सिंह पटेल (सागर), क्रमांक 79 राजेंद्र कुमार जायसवाल (सीधी), क्रमांक 16 अर्पित मुद्गल शर्मा (भिंड), क्रमांक 114 स्वदीप सिंह (रीवा), क्रमांक 49 लक्ष्मी मीना (भोपाल) और क्रमांक 11 अनीता कैथवास (जबलपुर) शामिल हैं।

दूसरे वरीयता वाले प्रत्याशियों को मिले वोट

एलिमिनेशन के बाद संबंधित प्रत्याशियों के मतपत्रों में दर्ज मतों को निर्वाचन प्रक्रिया के नियमानुसार द्वितीय वरीयता के प्रत्याशियों को अंतरित किया गया। मतों के इस हस्तांतरण के साथ द्वितीय चरण की मतगणना आगे बढ़ रही है।

अब तक की मतगणना में पुरुष प्रत्याशियों में विवेक सिंह, आर.के. सिंह सैनी, अखिलेश कुमार सक्सेना, नरेंद्र कुमार जैन और जय हाड़िया को बढ़त प्राप्त हुई है।वहीं महिला प्रत्याशियों में अन्नू पटेल, प्रवीण तिवारी, प्रतीका पाठक, रश्मि ऋतु जैन और अंजना कुरिया को बढ़त मिली है।
निर्वाचन समिति के निर्वाचन अधिकारी न्यायमूर्ति एस.के. पाल (पूर्व न्यायाधीश) द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मतों के अंतरित होने के साथ ही द्वितीय चरण की मतगणना की प्रक्रिया आगे जारी है। चुनाव परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं के बीच लगातार उत्सुकता बनी हुई है।