जबलपुर/नरसिंहपुर, भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव तहसील अंतर्गत पदस्थ एक पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक संदीप कुमार सिंह निवासी पड़रिया, तहसील गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी माता श्रीमती ममता देवी द्वारा ग्राम मुआर में खरीदी गई 7 एकड़ कृषि भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए हल्का नंबर 41 के पटवारी घनश्याम गढ़वाल 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई। सत्यापन के समय आरोपी पटवारी ने 10 हजार रुपये की मांग में से 5 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।
योजना के अनुसार सोमवार को लोकायुक्त टीम ने गोटेगांव स्थित महिंद्रा शोरूम के समीप टीला क्षेत्र में संचालित पटवारी के निजी कार्यालय पर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी पटवारी घनश्याम गढ़वाल ने आवेदक से 5 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।आरोपी घनश्याम गढ़वाल (39 वर्ष), निवासी पंचमुखी हनुमान कॉलोनी, बरही, जिला कटनी, वर्तमान में पटवारी हल्का नंबर 41 ग्राम मुरदई, तहसील गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर में पदस्थ है।लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।