आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड: पुलिस के हत्थे चढ़ा मुख्य आरोपी, शॉर्ट एनकाउंटर में हुआ घायल

भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में मध्यप्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया है। हालांकि, मुख्य आरोपी ने आगरा से भोपाल आते समय 3 नवंबर की सुबह भागने की कोशिश की, लेकिन शॉर्ट एनकाउंटर के दौरान उसे गोली लग गई। घटना नीलजी नदी के पास ग्राम मुगालियाछाप रोड पर हुई। आरोपी को उपचार के लिए तत्काल हमीदिया अस्पताल लाया गया। यहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को 2 नवंबर की शाम करीब 7 बजे आगरा से अभिरक्षा में लिया था। पुलिस उसे लेकर भोपाल के लिए रवाना हुई। इस बीच 3 नवंबर को सुबह करीब 5 बजे नीलजी नदी के पास आरोपी ने वॉशरूम जाने के लिए गाड़ी रुकवाने को कहा। पुलिसकर्मी उसे सड़क किनारे ले जाने के लिए गाड़ी से नीचे उतार ही रहे थे कि आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की कमर में लगी सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की।
इस वजह से चल गई गोली*
इस दौरान पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच हाथापाई हुई। इस हाथापाई की वजह से पिस्टल से गोली चल गई, जो आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के पास लगी। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और 132 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।