जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल के कटनी रेलवे स्टेशन पर एक गर्भवती महिला यात्री को समय रहते चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर सुरक्षित उपचार सुनिश्चित किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संघमित्रा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12295) में यात्रा कर रही लगभग 20 वर्षीय महिला, जो गर्भावस्था के सातवें से आठवें माह में थीं, को यात्रा के दौरान अचानक पेट में तीव्र दर्द की शिकायत हुई। घटना की सूचना मिलते ही उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) महेंद्र कुमार ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए रेलवे चिकित्सक तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को मौके पर बुलाया। रेलवे चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार प्रदान करने के उपरांत महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा हेतु जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहाँ एम्बुलेंस के माध्यम से सुरक्षित पहुँचाया गया। महिला के परिजनों ने इस कठिन परिस्थिति में त्वरित सहायता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देने के लिए रेलवे प्रशासन, रेलवे चिकित्सक तथा उपस्थित रेलवे कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।