युवा पीढ़ी संविधान को समझे और जीवन में उतारे, यही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव : सांसद आशीष दुबे

जबलपुर। जबलपुर इंजीनियरिंग महाविद्यालय (जेईसी) में संविधान गौरव दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सांसद आशीष दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। युवा पीढ़ी संविधान को केवल पढ़े ही नहीं, बल्कि उसे गहराई से समझकर अपने जीवन और आचरण में उतारे। यही सशक्त एवं उज्ज्वल राष्ट्र के निर्माण की नींव है।विशिष्ट अतिथि विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है। युवाओं को अनुशासन, ईमानदारी और देशभक्ति की भावना के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में मैकेनिकल ब्रांच प्रथम सेमेस्टर की छात्राएं कौशिकी राठौर एवं अनन्या मिश्रा ने संविधान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उनके प्रभावशाली संबोधन की अतिथियों ने सराहना की। सांसद आशीष दुबे सहित अन्य अतिथियों ने दोनों छात्राओं को भारत का संविधान पुस्तिका भेंटकर सम्मानित किया।समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती, भारत माता एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव चांडक ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत करते हुए कहा कि संविधान महज कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की विविध संस्कृतियों को एक सूत्र में बांधने वाली हमारी राष्ट्रीय चेतना का आधार है।इस अवसर पर जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर की विशेष उपस्थिति रही। समारोह में संविधान निर्माण में योगदान देने वाले डॉ. बी.आर. अंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, पं. जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, डॉ. के.एम. मुंशी, अल्लादी कृष्णास्वामी अय्यर, एन. गोपालस्वामी आयंगर, मोहम्मद सादुल्ला एवं सरोजिनी नायडू सहित अन्य महापुरुषों का स्मरण किया गया।उपस्थितजनों ने संवैधानिक मूल्यों का पालन करते हुए विकसित एवं अखंड भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. कमल कुमार कुशवाहा, डॉ. शिल्पा सक्सेना एवं डॉ. सौरभ सिंह ने किया। मंच संचालन प्रो. माधवी सोनी ने किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।