8.68 करोड़ के फर्जी ITC घोटाले में EOW की कार्रवाई, पांच आरोपी नामजद, आठ FIR दर्ज

जबलपुर। फर्जी जीएसटी बिलिंग और अकाउंटिंग डेटा में हेराफेरी कर 8 करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपये की अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने आठ एफआईआर दर्ज की हैं। शहर की आठ मेडिकल एवं व्यावसायिक फर्मों के साथ धोखाधड़ी के इस मामले में यूनिक ट्रेड एंड कंपनी, निखिल इंटरप्राइजेज, मधुश्री मेटल और महाकाल मेटल सहित अन्य फर्मों के नाम सामने आए हैं।

प्रेस नोट के अनुसार, आरोपियों में यूनिक ट्रेड एंड कंपनी के प्रोपराइटर एवं अकाउंटेंट आशीष कोटवानी, निखिल इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर निखिल कोटवानी, मधुश्री मेटल के प्रोपराइटर अशोक कोटवानी, महाकाल मेटल की प्रोपराइटर जस्मीत कोटवानी और अकाउंटेंट योगेश साहू शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्म संचालकों का विश्वास हासिल कर स्क्रीन शेयरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए उनके MARG अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर का डेटा अपने कंप्यूटर में हासिल किया। जीएसटी रिटर्न फाइलिंग के नाम पर मोबाइल पर आने वाले ओटीपी भी प्राप्त किए। इसके बाद 1 मार्च 2022 से 26 दिसंबर 2025 के बीच बिना वास्तविक खरीद-बिक्री के बिलों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में हेराफेरी कर फर्जी टर्नओवर और ITC को आरोपियों व उनके परिजनों की फर्मों में स्थानांतरित किया गया।

शिकायतकर्ताओं में महादेव फार्मा के प्रोपराइटर दीपांशु दीक्षित और एसटी ड्रग हाउस के प्रोपराइटर मोहन अंबवानी सहित अन्य सात आवेदक शामिल हैं। उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी की जांच तथा जीएसटी विभाग से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर EOW ने 27 नवंबर 2026 को आठ अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।