जबलपुर। जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर सिहोरा के गढिया मोहल्ला में शराब के नशे में धुत कलयुगी बेटे ने अपनी ही ‘मां’ के सिर पर टेबिल फैन से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई| दरअसल शराबी बेटा अपनी पत्नी से लड़ाई झगड़ा मारपीट कर रहा था और उसकी मां बीच बचाव करने पहुंची, जिस वजह से उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी| पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है आरोपी अभी फरार है।
घटना के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि सिहोरा के वार्ड नंबर 7 गढिया मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय करन कोल बीती रात शराब के नशे में धुत होकर अपने घर पहुंचा। घर में खाना खाने की बात को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद हुआ और इस विवाद में करन अपनी पत्नी कांति बाई कोल के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगा। बहू कांति की आवाज सुनकर करन की 65 वर्षीय वृद्ध मां गिरान बाई मौके पर पहुंची और बीच बचाव करने लगी। इसी दौरान नशे में धुत करन ने आगबबूला होते हुए अपनी मां को धक्का देकर जमीन पर गिराया और हाथापाई करता रहा। प्राथमिक जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि आरोपी करन ने घर में रखे टेबल फैन से मां पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मृतका के बड़े बेटे दशरथ कोल ने पुलिस को दी। पुलिस ने इस सूचना पर मौके पर पहुंचकर मुआयना पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया| पुलिस ने आरोपी कपूत करन के खिलाफ 103 (1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से दूर है।