गुरंदी बाजार में भीषण आग में 5 दुकाने खाक


जबलपुर। शहर के व्यस्ततम और घने व्यवसायी क्षेत्र गुरंदी बाजार दर्शन चौक में सोमवार की देर रात 11.30 बजे अचानक तेज आग भड़क गई, इस आग में पांच दुकानें खाक हो गई, इनमें से एक दुकान कबाड़ की थी और एक गल्ला दुकान, तीन दुकाने, बैग, प्लास्टिक और ड्रम की थी| देर रात इस आग को बुझाने में फायर ब्रिग्रेड के पांच वाहन और सात टैंकर लगे रहे| इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हो गया| इन दुकानों में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। कबाड में रखे प्लास्टिक ड्रम में एक चिंगारी से भड़की आग ने एक बाद एक चार दुकानों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। कुछ ही देर में आग की लपटें आसमान छूने लगीं। तत्काल ही मामले की सूचना नगर निगम के दमकल दल के साथ ही बेलबाग पुलिस थाने को दी गई। इसके बाद कुछ ही देर में पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।

रात 3 बजे बुझ सकी आग ………………

एक के बाद एक 5 दमकल वाहन तथा 7 पानी टेंकर मौके पर पहुंचाए गए। चूंकि घटना स्थल के पास ही गल्ला मार्केट है लिहाजा गल्ला व्यापारियों में भी दहशत फैली और वे अपनी दुकानें समेटने लगे। रास्ता संकरा होने के कारण दमकल वाहनों को मौके में पहुंचने में खासा ‎परेशानी का सामना करना पडा। आग बढ़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर लगातार दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की मशक्कत करते रहे और अंतत: आग पर तडके पूर्व लगभग 3.30 बजे पूरी तरह काबू पाया जा सका।
शेख आरिफ ने बताया कि सबसे पहले एक प्लास्टिक ड्रम -कुप्पी की दुकान में आग भड़की। आग की लपटे तेजी से फैली और आस-पास की करीब 5 दुकानों तक फैल गई।

ये दुकानें जली…………

इस हादसे में शेख फारुख की कबाड़ की दुकान, कासिम अली की बैग निर्माण दुकान, मुन्ना पेंटर के ड्रम प्लास्टिक की दुकान और मोहित ट्रेडर्स गल्ला दुकान ताज बैग की दुकान आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गई| फायर ब्रिग्रेड के मुताबिक यहां पर प्लास्टिक के ड्रम में शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी से यह हादसा हुआ|