गुरंदी बाजार में गंदगी का अंबार, सड़क बनी अघोषित कचरा डंपिंग जोन


जबलपुर। शहर के घनी आबादी वाले गुरंदी बाजार क्षेत्र में नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था सवालों के घेरे में है। नव निर्मित मछली मार्केट के बगल की सड़क पर जगह-जगह कचरा जमा होने से पूरा क्षेत्र अघोषित कचरा डंपिंग जोन में तब्दील हो गया है। कचरे के कारण उठने वाली दुर्गंध से आसपास के दुकानदारों और रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यहां नियमित रूप से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कचरा उठाया जाता है, लेकिन कचरा उठाने के बाद भी मौके पर गंदगी और कचरा पड़ा रह जाता है। इसके चलते दिनभर बदबू बनी रहती है। दुकानदारों का कहना है कि दुर्गंध के कारण ग्राहकों को भी परेशानी होती है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।

स्वच्छता अभियान पर सवाल………….

नगर निगम शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार अभियान चलाने का दावा करता है, लेकिन गुरंदी बाजार की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों की नियमित नजर इस क्षेत्र पर होती तो लंबे समय तक सड़क किनारे इस तरह कचरा जमा नहीं रहता।

बीमारी फैलने का खतरा………..

शहर में डेंगू और चिकनगुनिया जैसे मच्छरजनित रोगों के मामले सामने आने के बीच खुले में कचरा जमा होना चिंता का विषय है। लंबे समय तक कचरा पड़ा रहने से गंदगी और दुर्गंध के साथ ही मच्छरों और अन्य कीटों के पनपने की आशंका भी बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कचरे का उचित निपटारा निर्धारित कचरा प्रबंधन व्यवस्था के तहत होना चाहिए, न कि शहर की सड़कों और बाजारों में अस्थायी रूप से कचरा जमा कर।
स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों ने नगर निगम से गुरंदी बाजार की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने, सड़क किनारे कचरा जमा होने से रोकने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।